06 जुलाई 2010

खाप का फरमान- मार देगें प्रेमी जोड़े को

खाप पंचायत के एक और तुगलकी फरमान से कानून की धज्जियां फिर उड गई है। ग्रेटर नोएडा से सटे मायचा और दौला गांव के लडके-लडकी ने भागकर शादी कर ली। जिससे नाराज पंचायत ने लडकी के बदले लडकी देने का फरमान सुनाया है। इतना ही नही ऐसा नही करने पर दोनों को जान से मारने की धमकी दी है।
लड़की के बदले लड़की दो.. वरना प्यार की सजा मौत। ये तुगलकी फरमान सुनाया है ग्रेटर नोएडा की खाप पंचायत ने। दरअसल दौला गांव के संजय ने मायचा गांव की लड़की प्रीती से भागकर शादी कर ली। दोनों में डेढ़ साल पहले प्यार हुआ था जिसके बाद दोनों ने परिवार वालों के खिलाफ गुपचुप तरीके से शादी कर ली। इसके बाद 24 जून को दोनों गांव से बिना बताए गायब हो गए। इस बात को लेकर मायचा गांव की पंचायत का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
पंचायत ने लड़के के परिवार वाले को आदेश दिया है कि या तो लड़के-लड़की को ढूंढ़कर सामने लाओ, जिन्हें मौत के घाट उतारा जाएगा। इतना ही नहीं पंचायत ने यह भी कहा कि जिस तरह दौला गांव के लड़के ने गांव की लड़की से शादी की, उसी तर्ज पर अब लड़के वाले अपने गांव की एक लड़की दें, तब जाकर हिसाब-किताब बराबर होगा। ऐसा नहीं करने पर लड़के गांव की लड़कियों और औरतों को उठा लाएंगे। पंचायत के इस फरमान के बाद लड़के के परिवार वाले और पूरा गांव अपना घर-बार छोड़कर गायब हो गया है।
इस तुगलकी फरमान के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस थाने में पंचायत और लड़की के परिवार के कुल 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी तादात में पुलिस बल ने मायचा और दौला गांव में डेरा जमा लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं: