09 जुलाई 2017

दिल्ली में दादागीरी चमकाने के लिए मारी थी गोली, गिरफ्तार

दिल्ली। दिल्ली पुलिस अंतर्गत अपराध शाखा ने नये उभर रहे एक बदमाश को गिरफ्तार किया है जो एक व्यक्ति के उपर जानलेवा हमला करने के बाद लगभग डेढ़ माह से फरार चल रहा था। उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद किये गये हैं।
    अपराध शाखा के उपायुक्त डाॅक्टर जी रामगोपाल नायक ने बताया कि जमानत या पैरोल जंप कर फरार हुए या वारदातों को अंजाम देकर कानून से बचते फिर रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित एसीपी सुश्री श्वेता चैहान के नेतृत्व वाली टीम को यादव नगर थाना समयपुर-बादली के रहने वाले और 22 मई को एक व्यक्ति को गोली मारकर फरार चल रहे अभिषेक यादव के बारे में इनपुट मिल रहे थे। वह दिल्ली, हरियाणा तथा पश्चिम यूपी में छिपता फिर रहा था। कई बार वह पुलिस के हत्थे चढ़ता-चढ़ता बचा। सात जुलाई को उसे एक सटीक सूचना के आधार पर जीटी रोड स्थित संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर के बस स्टैंड से उस समय पकड़ लिया गया जब वह अपने किसी संपर्क से मिलने के लिए आने वाला था। उसका इरादा नया ठिकाना बनाने का था।
     उपायुक्त ने बताया कि पकड़े गये व्यक्ति के कब्जे से देसी पिस्तौल तथा दो गोलियां भी मिलीं। अभिषेक यादव ने 22 मई को अपने साथियों के साथ मिलकर देर रात सरे आम आमिर अली नामक व्यक्ति की खूब पिटाई की और उसे गोली मार दी। वारदात का उद्देश्य इलाके में एकछत्र दादागिरी करना था। इस वारदात के बाद उसने 2 जून को किराड़ी स्थित कमल बिल्डर्स के कार्यालय में घुसकर तुलाराम नामक व्यक्ति की जबरदस्त धुनाई कर दी। तुलाराम को गंभीर चोटें आईं।

इलाहाबाद में चार देसी बम बरामद किये गये

इलाहाबद। जनपद में देसी बमों की बरामदगी का सिलसिला लगातार जारी है। सोरांव थाना इलाके में पुलिस ने चार देसी बम बरामद किये हैं। इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
     पुलिस द्वारा प्रदत जानकारी के अनुसार कानपुर-वाराणसी मार्ग स्थित भावापुर से पुलिस ने राम मिलन पटेल बैरसा को चार देसी बमों के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ 4/5 विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

इलाहाबाद में जुआ खेलते छह लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

धूमनगंज थाना पुलिस ने छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये लोगों के कब्जे से तीन हजार तीन सौ रुपये तथा बावन ताश के अदद पत्ते बरामद किये गये हैं। पकड़े गये लोगों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा तेरह के तहत मामला दर्ज किया गया है।
     जानकारी के मुताबिक एक सूचना के आधार पर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे रमेश कुमार, शुभम, राजकुमार, अजय कुमार, इमरान खान तािा सुमित राजा को शिवपुर हौली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गये लोग ताश के पत्तों से नकद रुपयों की हार-जीत का खेल खेल रहे थे।

सड़क हादसे में दरोगा व सिपाही समेत तीन की मौत

मुरादाबाद। रविवार सुबह हुए भयंकर सड़क हादसे में मुरादाबाद पुलिस के एक दरोगा, सिपाही व एक अन्य युवक की मौत हो गई। राजकीय सम्मान के साथ एसएसपी दफ्तर पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रृद्धांजलि दी  गई। हादसे के लेकर एसएसपी प्रीतिंदर सिंह ने विस्तार से जानकारी दी। एसएसपी के मुताबिक ग्रोथ चौकी के इंचार्ज शिव कुमार नागर व सिपाही रविकांत देर रात्रि गश्त पर थे, रात्रि करीब तीन बजे पुलिसकर्मी वापस चौकी पर लौट रहे थे कि सड़क क्रॉस करते वक्त अज्ञात भारी वाहन ने पुलिस कार को टक्कर मार दी। हादसे में दरोगा व सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य कार सवार भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे इलाज के लए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

08 जुलाई 2017

नरेला में पत्थरों से सिर कुचलकर युवक की हत्या

नरेला ।। दिल्ली के नरेला इलाके में एक युवक की बेरहमी से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई, युवक का शव रामदेव चौक के पास एक खाली पड़े प्लाट से बरामद किया गया। मृतक की शिनाख्त भगत (37) के रुप में हुई है जोकि नरेला के मामूरपुर का रहने वाला था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
          पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि रामदेव चौक के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है, युवक के चेहरे पर पत्थरों से कई वार किये गये थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पता किया तो युवक की पहचान भगत के रूप में हुई। भगत अपनी चार बच्चों व पत्नी के साथ मामुर पुर में रहता था। वैसे मृतक मूलरूप से उत्तरांचल का रहने वाला है और दिल्ली के भोरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र में प्रिंटिंग प्रेस में बतौर ऑपरेटर काम करता था। पता चला कि भगत 15 दिन से छुट्टी पर चल रहा था और शनिवार सुबह उसे ड्यूटी ज्वाइन करनी थी। फिलहाल हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है, पुलिस को शक है कि पहचान छिपाने के लिए पत्थर से सिर को कुचला गया होगा। नरेला थाना पुलिस इस जघन्य हत्याकांड की जांच कर रही है।

23 अप्रैल 2017

कंझावला पुलिस के हत्थे चढ़ा नामी बदमाश

कंझावला ।। दिल्ली पुलिस ने कंझावला से एक नामी बदमाश को गिरफ्तार किया है, उसके पास से एक देसी कट्टा, छह राउंड जिंदा कारतूस व 96 पव्वे अवैध शराब बरामद की गई है. साथ ही पुलिस ने एक एसएक्स 4 कार भी आरोपी से जब्त की है. आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ बल्ली (49) के रुप में हुई है. पुलिस को यह कामयाबी देर रात वाहन चैकिंग के दौरान मिली. 
                       पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कंझावला थाने के हेडकांस्टेबल विनोद सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ कंझावला बस डिपो के पास रात करीब 2 बजे वाहनों की चैकिंग कर रहे थे. जब पुलिसवालों की नज़र एसएक्स 4 कार पर पड़ी तो उसकी चैकिंग की गई. कार से पुलिस को दो कार्टन शराब भी बरामद हुई. जब आरोपी से गहन पूछताछ की गई और चैकिंग ले गई तो उसके पास से देसी कट्टा और छह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और आलाधिकारियों के आदेश पर आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धारा 33 व आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि कंझावला इलाके के रहने वाले आरोपी प्रदीप की करीब 22 आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है. फिलहाल पुलिस प्रदीप से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आपराधिक वारदातों में उसका साथ और कौन लोग दिया करते थे. ताकि उनपर भी वक्त रहते शिकंजा कसा जा सके.